Advertisement

राजापाकर में गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित, उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा

-राजापाकर में गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित, उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा

राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड क्षेत्र में गैस एजेंसी पर समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं को सुबह 6 बजे से ही एजेंसी पर पहुंचकर घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, इसके बावजूद कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
इस संबंध में दीपक गैस एजेंसी के कर्मी सरोज कुमार ने बताया कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन आपूर्ति में देरी होने से समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि पहले प्रतिदिन एक ट्रक गैस आता था, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल जाता था। लेकिन अब कोइलवर और आरा से आने वाली गैस गाड़ी 2 से 3 दिन के अंतराल पर पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि गैस डिपो में भी पर्याप्त मात्रा में गैस नहीं मिलने के कारण समय पर वितरण में परेशानी हो रही है।


गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह केवल अफवाह है। एजेंसी द्वारा कंपनी की ओर से निर्धारित शुल्क ही लिया जाता है और उससे अधिक एक रुपया भी नहीं लिया जाता।
उन्होंने बताया कि पहले सामान्य गैस कनेक्शन धारकों को 10 दिनों में गैस मिल जाती थी, जबकि उज्ज्वला योजना के तहत 15 दिन में सिलेंडर मिलता था। बाद में गैस की कीमत बढ़ने के कारण यह अवधि 25 दिन कर दी गई। हालांकि हाल ही में एक उपभोक्ता ने बताया कि उसने 7 फरवरी को गैस लिया था और उसकी अगली बुकिंग 25 मार्च को दिखाई जा रही है, यानी लगभग 45 दिन बाद।
इस पर गैस एजेंसी संचालक दीपक कुमार ने बताया कि 45 दिन के बाद गैस मिलने की कोई आधिकारिक सूचना कार्यालय को प्राप्त नहीं हुई है।
वहीं आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका हसरत साइन गैस लेने एजेंसी पहुंचीं, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल सका। एजेंसी कर्मियों ने बताया कि फिलहाल केवल घरेलू उपयोग के लिए ही गैस उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि कमर्शियल गैस की आपूर्ति भी फिलहाल बंद है, जिससे इसका उपयोग करने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
उपभोक्ता मंजू देवी, अनिल कुमार, दीपक कुमार और मिथिलेश कुमार ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए दिए गए नंबर पर कॉल करने पर मोबाइल स्विच ऑफ बताता है, जिससे उन्हें बुकिंग कराने में दिक्कत हो रही है। इस पर एजेंसी संचालक ने कहा कि सर्वर डाउन रहने के कारण ऐसी समस्या आ रही है। सर्वर ठीक होने के बाद बुकिंग की प्रक्रिया सामान्य हो जाएगी।