-समृद्धि यात्रा में पूर्णिया को 485 करोड़ की सौगात, 92 विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
पटना/पूर्णिया, 12 मार्च 2026।दीपक।
मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने समृद्धि यात्रा के दौरान पूर्णिया जिले को बड़ी सौगात देते हुए कुल 485 करोड़ रुपये की लागत से 92 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्णिया स्थित Maa Puran Devi Temple परिसर का भ्रमण कर वहां चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेट हाईवे-60 से पूरण देवी मंदिर तक नवनिर्मित दो लेन सड़क और लाइन बाजार चौक से पॉलिटेक्निक चौक भाया रजनी चौक तक सड़क मजबूतीकरण कार्य का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने भूतहा मोड़ से मिल्लिया पॉलिटेक्निक कॉलेज भाया पूर्णिया-श्रीनगर पथ तक आरओबी सहित बाईपास पथ निर्माण तथा एसएच-65 (बनभाग चौक) से बिशनपुर धर्मकांटा तक दो लेन पथ चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत मंदिर परिसर के पोखर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भी उन्होंने निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने झिझिया नृत्य प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पूरण देवी मंदिर परिसर का विकास बेहतर तरीके से कराया जाए और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के जिला स्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और पशुपालकों से संवाद किया। पशुपालकों ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से किसानों और पशुपालकों को काफी लाभ मिला है तथा मक्का, मखाना और मछली के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है ताकि किसान आर्थिक रूप से समृद्ध हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। इस दौरान लाभुकों को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के सांकेतिक चेक, दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल की चाभी तथा 13,082 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 261 करोड़ 65 लाख 97 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने 485 करोड़ रुपये की कुल लागत से 92 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया, जिसमें 164 करोड़ रुपये की लागत से 84 योजनाओं का उद्घाटन और 321 करोड़ रुपये की लागत से 8 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री Samrat Choudhary, मंत्री Vijay Kumar Chaudhary, मंत्री Leshi Singh, मंत्री Shravan Kumar सहित कई जनप्रतिनिधि और वरीय अधिकारी मौजूद रहे।











