Advertisement

जमीन पर पड़ा एलटी केबल बना जानलेवा, छह माह से अनदेखी; आधा दर्जन पशुओं की मौत

–जमीन पर पड़ा एलटी केबल बना जानलेवा, छह माह से अनदेखी; आधा दर्जन पशुओं की मौत

मुजफ्फरपुर। कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत बसौली पंचायत के वार्ड संख्या–1 में कदाने नदी किनारे स्थित 200 केवीए ट्रांसफार्मर से निकली एलटी लाइन का केबल पिछले छह से आठ महीनों से जमीन पर पड़ा हुआ है। यह केबल आसपास के करीब ढाई से तीन सौ उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति करता है, लेकिन जमीन पर पड़े रहने के कारण यह लोगों और पशुओं के लिए गंभीर खतरा बन गया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के मानव बल से लेकर पश्चिमी क्षेत्र के एसडीओ सतपाल सिंह तक शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। विभागीय लापरवाही के कारण लगातार खतरा बना हुआ है, लेकिन केबल को दुरुस्त कराने की दिशा में कोई पहल नहीं की गई।


ग्रामीणों ने बताया कि जमीन पर पड़े इस केबल की चपेट में आकर अब तक करीब आधा दर्जन पशुओं की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही केबल को ठीक नहीं कराया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय उपभोक्ताओं और ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द जमीन पर पड़े एलटी केबल को दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले इस खतरे को टाला जा सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।