–मानदेय भुगतान नहीं होने पर अनुरक्षकों का धरना जारी, नल-जल सेवा ठप करने की चेतावनी
राजापाकर (राजापाकर) – संजय श्रीवास्तव।
प्रखंड कार्यालय परिसर के बाहर प्रखंड के सभी वार्ड अनुरक्षकों ने मानदेय भुगतान नहीं होने के विरोध में दूसरे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रखा। नाराज अनुरक्षकों ने साफ कहा कि जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता, वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे और अपने-अपने वार्डों में नल-जल योजना के तहत पानी सप्लाई बंद रखेंगे।
अनुरक्षकों ने दर्जनों हस्ताक्षरयुक्त आवेदन प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपते हुए बताया कि नल-जल योजना के मानदेय का भुगतान लंबे समय से लंबित है। इसके विरोध में 25 फरवरी से सभी अनुरक्षक हड़ताल पर चले गए हैं। कई जगहों पर जलमीनार में ताला लगाकर जलापूर्ति रोक दी गई है।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि अनुरक्षकों की मांग जायज है। मामले में जिला प्रशासन से मार्गदर्शन मांगा गया है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रधान सचिव से भी भुगतान को लेकर निर्देश मांगे गए हैं। आदेश मिलते ही अनुरक्षकों के खातों में राशि भेज दी जाएगी। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि आम जनता के लिए पानी बंद करना मानवता के खिलाफ है और अनुशासन भंग करने पर कार्रवाई भी की जा सकती है।
धरना में उमेश कुमार, संगीता कुमारी, अक्षय कुमार, विक्की कुमार, जयप्रकाश कुमार, विजय प्रकाश, धर्मदेव सिंह, विश्वनाथ साह, रूबी देवी, अरुण कुमार सिंह, अर्चना देवी, रविंद्र शर्मा, शंकर ठाकुर, सुनील कुमार, विजय सिंह, मनीष कुमार, अंकित कुमार समेत कई अनुरक्षक मौजूद रहे।
स्थिति को लेकर आम लोगों में भी चिंता बनी हुई है, क्योंकि नल-जल योजना ठप होने से पेयजल संकट गहराने की आशंका है।









