-सीटेट प्रश्नपत्र देर से पहुंचा, राजापाकर परीक्षा केंद्र पर हंगामा; पुलिस हस्तक्षेप के बाद शुरू हुई परीक्षा
राजापाकर | संजय श्रीवास्तव
राजापाकर स्थित केसीआई परीक्षा केंद्र पर शनिवार को सीटेट (CTET) परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र देर से पहुंचने के कारण परीक्षार्थियों और अभिभावकों ने हंगामा किया। निर्धारित समय सुबह 9:30 बजे से 12:00 बजे तक था, लेकिन जिला मुख्यालय से प्रश्नपत्र करीब 11 बजे केंद्र पर पहुंचा, जिससे परीक्षार्थियों में नाराजगी फैल गई।
प्रश्नपत्र में देरी को लेकर सुबह 10 बजे से ही अभ्यर्थी प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की मांग करते हुए हल्ला-हंगामा करने लगे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में परीक्षार्थी व उनके अभिभावक केंद्र के मुख्य द्वार पर जमा हो गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही राजापाकर थाना प्रभारी गौरी शंकर बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अभिभावकों व परीक्षार्थियों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद माहौल शांत हुआ।
इसके बाद परीक्षा सुबह 11:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चली। प्रशासनिक निगरानी और पुलिस की सतर्कता के बीच सीटेट पेपर-2 की परीक्षा में शामिल सभी 480 परीक्षार्थियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
फिलहाल परीक्षा रद्द होने की कोई सूचना नहीं है।












