-मुजफ्फरपुर समेत पूरे बिहार में राजस्व कर्मचारियों का धरना, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज, 11 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
मुजफ्फरपुर।दीपक।
जिले सहित पूरे बिहार में राजस्व कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार (5 फरवरी 2026) को जिला मुख्यालयों पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के आंदोलन से राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कामकाज पर असर पड़ता नजर आया।
बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ जिला इकाई मुजफ्फरपुर के बैनर तले कर्मचारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना देते हुए सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इस दौरान संघ ने जिलाधिकारी और एसडीओ पूर्वी को लिखित ज्ञापन भी सौंपा।
संघ के नेताओं ने बताया कि उनकी कई सूत्री मांगें पिछले आठ महीनों से लंबित हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इसी के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि 2 फरवरी 2026 से मुजफ्फरपुर समेत पूरे राज्य के सीओ (अंचलाधिकारी) और आरओ भी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे जमीन से जुड़े कार्य, दाखिल-खारिज, लगान वसूली, प्रमाण पत्र निर्गमन समेत कई प्रशासनिक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के सचिव राहुल कुमार राय ने बताया कि 9 फरवरी 2026 को पटना के गर्दनीबाग में राज्यस्तरीय एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी अगर सरकार ने मांगें पूरी नहीं की, तो 11 फरवरी से सभी राजस्व कर्मचारी सामूहिक रूप से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन पर चले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री, मुख्य सचिव, विभागीय प्रधान सचिव सहित सभी जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। इससे आम जनता को होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी सरकार की है।











