Advertisement

कांटी–मड़वन को पूर्वी अनुमंडल में जोड़ने की मांग तेज, विधायक अजीत कुमार ने मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन

-कांटी–मड़वन को पूर्वी अनुमंडल में जोड़ने की मांग तेज, विधायक अजीत कुमार ने मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन

-मोतीपुर मुख्यालय बनने से 40-50 किमी बढ़ेगी दूरी, जनता को होगी भारी परेशानी – विधायक

मुजफ्फरपुर।दीपक।
कांटी–मड़वन प्रखंड को मुजफ्फरपुर पूर्वी अनुमंडल में जोड़ने की मांग को लेकर कांटी विधायक ई. अजीत कुमार ने गुरुवार को राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रस्तावित अनुमंडल पुनर्गठन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पश्चिमी अनुमंडल का मुख्यालय मोतीपुर ले जाने से कांटी और मड़वन के लोगों की समस्याएं बढ़ेंगी।
मुख्य सचिव को दिए गए ज्ञापन में विधायक ने कहा कि कांटी एवं मड़वन उनके विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण प्रखंड हैं। यदि इन्हें मोतीपुर अनुमंडल से जोड़ा जाता है तो आम जनता को प्रशासनिक, न्यायिक और अन्य कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होगी।
उन्होंने बताया कि सिकंदरपुर स्टेडियम के सीमावर्ती हरपुर लोहड़ी, नगर निगम के वार्ड 1 और 12 तथा गंडक नदी पार के क्षेत्रों के लोगों को 40 से 50 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे आमजन के दैनिक कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।


विधायक ने यह भी कहा कि अनुमंडलीय और पुलिस प्रशासन के पुनर्गठन से जनसंख्या संतुलन, नगर निकायों की सीमाएं और स्थानीय रोजगार व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
समाधान के तौर पर उन्होंने सरकार के सामने दो विकल्प रखे हैं। पहला, कांटी और मड़वन प्रखंडों को भौगोलिक स्थिति एवं जनहित को देखते हुए मुजफ्फरपुर पूर्वी अनुमंडल में शामिल किया जाए। दूसरा, यदि यह संभव नहीं हो तो कांटी एवं आसपास के प्रखंडों को मिलाकर कांटी में ही नया अनुमंडल मुख्यालय स्थापित किया जाए।
विधायक अजीत कुमार ने सरकार से अपील की है कि क्षेत्र की जनता की सुविधा और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जनहित में निर्णय लिया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।