-चंपारण में विश्व की सबसे ऊंची ‘सहस्त्रलिंगम’ की प्राण-प्रतिष्ठा
पटना/मोतिहारी।दीपक तिवारी।
17 जनवरी को कैथवलिया के विराट रामायण परिसर में होगा ऐतिहासिक आयोजन
पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर प्रखंड स्थित कैथवलिया में निर्माणाधीन विराट रामायण परिसर एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। आगामी 17 जनवरी को यहां विश्व की सबसे ऊंची ‘सहस्त्रलिंगम’ की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोहपूर्वक संपन्न होगी। इस महाआयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।
प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा:
प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने पूरे परिसर का भ्रमण किया। अधिकारियों ने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा मानकों, यातायात और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दूरदराज से पहुंचेंगे श्रद्धालु:
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि इस अवसर पर दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। ऐसे में दर्शन-पूजन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को भीड़ नियंत्रण, सुगम यातायात और आपात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

पार्किंग और यातायात की समुचित व्यवस्था:
कार्यक्रम के मद्देनजर पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन गंभीर है। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर वहां सूचनात्मक फ्लैक्स लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आम नागरिकों से लिया फीडबैक:
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां उपस्थित आम नागरिकों से सीधे संवाद कर फीडबैक भी लिया। इस अवसर पर चकिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कल्याणपुर के बीडीओ, थाना प्रभारी सहित प्रोजेक्ट अभियंता भी मौजूद रहे।
आस्था और पर्यटन का नया केंद्र:
‘सहस्त्रलिंगम’ की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ ही विराट रामायण परिसर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि चंपारण के लिए धार्मिक पर्यटन के नए द्वार भी खोलेगा। यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई प्रदान करने की क्षमता रखता है।












