Advertisement

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक गोलघर परिसर का किया निरीक्षण, संरक्षण व सौंदर्यीकरण पर दिया जोर

-मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक गोलघर परिसर का किया निरीक्षण, संरक्षण व सौंदर्यीकरण पर दिया जोर

पटना।ब्यूरो।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना स्थित ऐतिहासिक गोलघर परिसर का भ्रमण कर उसकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गोलघर परिसर पार्क, गोलघर के स्ट्रक्चर, लाइट एंड साउंड एवं लेजर शो सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि गोलघर राज्य की एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग आते हैं। ऐसे में इसके सौंदर्यीकरण और रखरखाव को बेहतर तरीके से किया जाए, ताकि परिसर और अधिक आकर्षक व मनोरम दिखाई दे।


मुख्यमंत्री ने वर्ष 2013 से शुरू किए गए लाइट एंड साउंड तथा लेजर शो के नियमित संचालन पर विशेष बल देते हुए कहा कि इससे आम लोगों को गोलघर के इतिहास और इसकी महत्ता की जानकारी मिलती है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि गोलघर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वास्तुकला से आगंतुकों को अवगत कराने के लिए परिसर में सूचनात्मक डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएं।
उन्होंने कहा कि गोलघर वास्तुकला का एक अद्भुत और अनूठा उदाहरण है, इसलिए इसके स्ट्रक्चर के संरक्षण और रखरखाव में विशेष सावधानी बरती जाए, ताकि यह धरोहर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रह सके।
इस अवसर पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम. सहित अन्य वरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।