Advertisement

बन्दरा–गायघाट में तेज़ हुई DT टैगिंग, फरवरी तक 37 हजार उपभोक्ताओं को टैग करने का लक्ष्य

-बन्दरा–गायघाट में तेज़ हुई DT टैगिंग, फरवरी तक 37 हजार उपभोक्ताओं को टैग करने का लक्ष्य

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
बिजली विभाग द्वारा क्षेत्र में DT टैगिंग का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। इस योजना के तहत ट्रांसफॉर्मर से उपभोक्ताओं के मीटर को टैग किया जा रहा है, जिससे ऊर्जा लेखांकन (Energy Accounting) की प्रक्रिया को सुदृढ़ किया जा सके। यह कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे क्षेत्र में संचालित होगा।
वर्तमान में यह कार्य गायघाट की 6 पंचायतों एवं बन्दरा की 12 पंचायतों में जारी है। विभाग द्वारा संबंधित कंपनी के कर्मियों को तैनात किया गया है। अब तक लगभग 3 हजार उपभोक्ताओं की DT टैगिंग पूरी कर ली गई है, जबकि कुल 37 हजार उपभोक्ताओं को टैग करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रतिदिन औसतन 600 उपभोक्ताओं की टैगिंग की जा रही है।
बिजली विभाग का लक्ष्य है कि जनवरी माह के अंत तक इस कार्य को बड़े स्तर पर पूरा कर लिया जाए, जबकि फरवरी तक पूरी योजना को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस संबंध में बन्दरा के जेई अभिषेक रंजन ने बताया कि संबंधित कंपनी के कर्मी पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्य कर रहे हैं। DT टैगिंग पूर्ण होने के बाद बिजली आपूर्ति व्यवस्था अधिक पारदर्शी होगी और लाइन लॉस पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।