-मकेश्वर वावू के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता — वक्तागण
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
पूर्व मंत्री मकेश्वर प्रसाद सिंह (मकेश्वर वावू) के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। यह बातें वक्ताओं ने रविवार को आयोजित उनकी 15वीं श्रद्धांजलि सभा में कही। कार्यक्रम का आयोजन मकेश्वर वावू स्मृति प्रतिष्ठान के तत्वावधान में किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रतिष्ठान के अध्यक्ष रितेश कुमार सिंह ने की।
वक्ताओं ने कहा कि राजतंत्र काल में मंत्री रहते हुए मकेश्वर वावू ने धनुषा जिला सहित मधेश के अन्य जिलों में सिंचाई और सड़क विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। आधुनिक जनकपुरधाम के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय रहा। जानकी आई हॉस्पिटल, जनकपुर अंचल अस्पताल, जानकी वृद्धा आश्रम, विकलांग संघ भवन, विवाह मंडप सहित कई जनोपयोगी संस्थानों के निर्माण का श्रेय मकेश्वर प्रसाद सिंह को जाता है।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान मकेश्वर वावू स्मृति पुरस्कार जनकपुरधाम के प्रसिद्ध चिकित्सक स्वर्गीय जय बल्लभ लाल दास को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मधेशवादी नेता संजय सिंह, मो. असगर, अमर चंद्र अनिल, गंगा प्रसाद यादव, शिव दयाल साह, राकेश कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और मकेश्वर वावू के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया गया।














