Advertisement

राजापाकर में छठ पूजा की तैयारियों का जायजा, घाटों की सफाई की मांग

-राजापाकर में छठ पूजा की तैयारियों का जायजा, घाटों की सफाई की मांग

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में छठ पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जहां नदियाँ और तालाब हैं, वहाँ लोग घाट तैयार कर रहे हैं ताकि छठ व्रतियों को पूजा में किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं, जहाँ प्राकृतिक जलस्रोत नहीं हैं, वहाँ घर के पास गड्ढे की खुदाई कर छठ घाट का निर्माण किया जा रहा है।

प्रखंड के राजस्व कर्मचारी अमित कुमार रंजन ने बताया कि बाकरपुर पोखर, रानी पोखर, सरसई पोखर और जाफरपट्टी पोखर को खतरनाक घोषित किया गया है। इन स्थानों पर गोताखोर, आपदा मित्र और विकास मित्र समय पर तैनात रहेंगे। साथ ही सभी पोखरों में नाव और नाविक की व्यवस्था भी की गई है ताकि कोई अनहोनी होने पर तुरंत मदद की जा सके।

हालांकि, प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में नदी और तालाब में बने घाटों की सफाई प्रखंड प्रशासन द्वारा नहीं कराए जाने पर लोगों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह से मांग की है कि शीघ्र ही सभी घाटों की सफाई की व्यवस्था की जाए।

इस संबंध में जब प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह से पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि सभी पंचायतों में बने घाटों की सफाई की जाएगी। इसके लिए स्वच्छता अभियान में लगे कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे कल से सभी घाटों पर जाकर सफाई का कार्य शुरू करें और घाटों को स्वच्छ बनाएं।

#छठ_पूजा #राजापाकर #घाट_सफाई #प्रखंड_प्रशासन #स्वच्छता_अभियान #सुरक्षित_पूजा #जलस्रोत_सुरक्षा