Advertisement

बूढ़ी गंडक में बढ़े जलस्तर से छठ घाट निर्माण में आ रही बाधा

-बूढ़ी गंडक में बढ़े जलस्तर से छठ घाट निर्माण में आ रही बाधा

-ग्रामीणों को कृत्रिम घाटों पर अर्घ्य देने की मजबूरी

बन्दरा। दीपक कुमार।

बूढ़ी गंडक नदी में इस बार पिछात आई जलस्तर वृद्धि से बन्दरा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निर्माण कार्य मुश्किल हो गया है। बड़गांव से तेपरी तक नदी तटबंध पहले से ही जर्जर स्थिति में हैं, जिनकी मरम्मती और जीर्णोद्धार की मांग ग्रामीण कई वर्षों से करते आ रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के बड़गांव, रामपुर महिनाथ, सिमरा, सुहरगंज, हरपुर, पिरापुर, रामपुर दयाल, रतवारा, महेशपुर, तेपरी, बसुआरी आदि हिस्सों में हर साल छठ व्रती भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं। लेकिन इस बार जलस्तर बढ़ने से घाटों के आसपास पानी खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है, जिससे घाट निर्माण कार्य ठप हो गया है।

ऐसे हालात में स्थानीय लोग अब कृत्रिम घाटों पर ही छठ पर्व मनाने को मजबूर हैं। वहीं, ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक सुरक्षित एवं असुरक्षित घाटों की पहचान और चिन्हांकन का कार्य शुरू नहीं किया गया है, जिससे लोगों में असंतोष व्याप्त है।