Advertisement

मुन्नी घाट पर फिर हुई दर्दनाक घटना, स्नान करने गए युवक की नदी में डूबने से मौत

-मुन्नी घाट पर फिर हुई दर्दनाक घटना, स्नान करने गए युवक की नदी में डूबने से मौत

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक कुमार तिवारी।

मुजफ्फरपुर जिले के हत्था थाना क्षेत्र स्थित पुरानी बागमती नदी के मुन्नी घाट पर शुक्रवार को स्नान करने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान हत्था पंचायत के गगराहा गांव निवासी फैसल इकबाल (18) पिता शाकिब इकबाल के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैसल अपने तीन साथियों के साथ मुन्नी घाट पर स्नान करने आया था। वे सभी निर्माणाधीन पुल स्थल के पास नदी में समाई डायवर्सन के निकट स्नान कर रहे थे। इसी दौरान फैसल गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, परंतु असफल रहे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक फैसल की मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही हत्था थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्यवाई की। बन्दरा सीओ अंकुर राय ने बताया कि युवक की मौत स्नान के दौरान डूबने से हुई है।शव बरामद कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि इसी मुन्नी घाट पर 27 सितंबर को भी एक छात्र की डूबने से मौत हुई थी। वह मुन्नी नदी घाट पर स्थित उत्क्रमित हाई स्कूल,मुन्नी का छात्र था और स्नान के दौरान नदी की तेज धारा में बह गया था। आपको बता दें कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

#MuzaffarpurNews #BandaraUpdate #RiverTragedy #BagmatiNadi #YouthDrowned #HathaPolice #BiharNews #LocalReport