-चंपारण की धरा को प्रसाद रत्नेश्वर जैसे कलाकार ने किया गौरवान्वित: डॉ अतुल कुमार
– राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित प्रसाद रत्नेश्वर के सम्मान में समारोह आयोजित
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
मोतिहारी एलएनडी कालेज के सभागार में बिहार सरकार के कला संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा प्रदर्श कला के लिए राष्ट्रीय स्तर पर दिया जाने वाला 2024-2025 का राष्ट्रीय सम्मान पाने वाले रंगकर्मी प्रसाद रत्नेश्वर का आज नई रोशनी फाउंडेशन के तत्वावधान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा ने किया तो मंच संचालन रंगकर्मी सह उर्दू के शायर शहजाद गुलरेज ने किया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शहर के प्रख्यात चिकित्सक डॉ अतुल कुमार ने प्रसाद रत्नेश्वर को मोमेंटो और अंग वस्त्र से सम्मानित किया। कहा कि चंपारण की धरा के सपूत रंगकर्मी प्रसाद रत्नेश्वर ने हम सभी को गौरवान्वित महसूस करया है। उम्मीद है कि प्रसाद रत्नेश्वर राष्ट्रीय फलक पर अपने चंपारण का नया मुकाम बनाने में सफल होंगे।

उन्होंने कहा कि इनसे चंपारण के ओझील और निराश कलाकारों को प्रेरणा मिलेगी और चंपारण बारंबार गौरवान्वित होगा। इस अवसर पर मौजूद फिल्म डायरेक्टर डी के आजाद ने कहा कि प्रसाद रत्नेश्वर चंपारण के कलाकारों के प्रेरणा पथ के रूप में जाने जाएंगे। फिल्म डायरेक्टर सह अभिनेता डॉ राजेश अस्थाना ने बताया कि मोतिहारी में नाटक कला की शुरुआत प्रसाद रत्नेश्वर के माध्यम से शुरू कर आज फिल्मी जगत तक पहुंच गए हैं। वहीं फिल्म डायरेक्टर मंकेश कुमार ने भी अपने चंपारण में छुपे कला कौशल जागृत करने पर जोर दिया। जबकि मंच संचालन कर रहे गुलरेज शहजाद ने बताया कि शीघ्र ही मोतिहारी के कलाकार एक बेहतरीन नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसके माध्यम से यहां के कलाकारों को बेहतरीन मौका मिलेगा। इस अवसर पर एमजीसीयू के एक युवा कलाकार ने अपनी अनोखी मार्मिक लघु नाटक का मंचन कर सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मौके पर सुनील चंपारणी, राजकुमार सहित कई अन्य वक्ताओं ने अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए प्रसाद रत्नेश्वर को बधाई और शुभकामनाएं दी।












