Advertisement

मुजफ्फरपुर में हवाई सपनों की उड़ान: एयरपोर्ट विकास के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू

-मुजफ्फरपुर में हवाई सपनों की उड़ान: एयरपोर्ट विकास के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू

पटना/मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।

मुजफ्फरपुर और पूरे तिरहुत क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने यहां हवाई अड्डे के विकास के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंजूरी के बाद यह परियोजना अब मूर्त रूप लेने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा और केंद्रीय मंत्री सह सांसद राजभूषण चौधरी निषाद ने इस निर्णय पर प्रसन्नता जताई है। निविदा प्रक्रिया के अनुसार कंपनियां शनिवार से टेंडर डॉक्यूमेंट डाउनलोड कर सकती हैं। प्रस्ताव जमा करने की आखिरी तारीख 17 नवंबर 2025 निर्धारित की गई है। पहली बिड 21 नवंबर को खोली जाएगी, जबकि फाइनल बिड 5 दिसंबर को खुलेगी। इससे पहले 27 अक्टूबर को दिल्ली में प्री-बिड मीटिंग आयोजित होगी, जिसमें परियोजना से जुड़ी सभी तकनीकी बातें स्पष्ट की जाएंगी।

योजना के तहत मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट पर 1050 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा रनवे तैयार होगा। यहां दो हवाई जहाजों के लिए एप्रन और लगभग 1250 वर्ग मीटर का आधुनिक टर्मिनल भवन भी बनेगा। टर्मिनल का निर्माण प्री-फैब्रिकेटेड स्टील स्ट्रक्चर से होगा। इसके अलावा पताही एयरपोर्ट का मास्टर प्लान और भी बड़ा है, जिसमें बड़े विमानों की लैंडिंग की सुविधा होगी। हालांकि इसके लिए अतिरिक्त जमीन अधिग्रहण की आवश्यकता होगी।

इस परियोजना से उत्तर बिहार को देश के बड़े शहरों से जोड़ने में आसानी होगी। व्यापार, उद्योग, कृषि और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को सीधे राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिलेगी।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी पुष्टि करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताया। उन्होंने कहा, “यह निर्णय तिरहुत क्षेत्र के करोड़ों लोगों के सपनों को साकार करेगा। अब बिहार का आसमान ऊंचा होगा और तिरहुत की उड़ान नई ऊंचाइयों को छूएगी।”

दरभंगा, गया और पटना के बाद अब मुजफ्फरपुर भी बिहार के हवाई नक्शे पर शामिल होने जा रहा है। विशेषज्ञ इसे राज्य में संतुलित क्षेत्रीय विकास और उत्तर बिहार की तरक्की की दिशा में ऐतिहासिक मील का पत्थर मान रहे हैं।

#मुजफ्फरपुरएयरपोर्ट #तिरहुतकीउड़ान #बिहारविकास #हवाईसपना #आधुनिकटर्मिनल #व्यापारऔररोजगार #उत्तरबिहार #पीएममोदी #समतुलितविकास