-बूढ़ी गंडक नदी हादसा : एक बच्चे का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।
पियर थाना क्षेत्र स्थित बूढ़ी गंडक नदी में डूबे दो मासूम बच्चों में से एक का शव घटना के करीब 24 घंटे बाद बरामद हुआ। गुरुवार को नदी में घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर देदौल घाट के निकट एसडीआरएफ की टीम ने शव को खोज निकाला।
शव की पहचान सिमरा निवासी हरिश्चंद्र मेहता के बड़े पुत्र अभिराज (8 वर्ष) के रूप में हुई। बेटे का शव देखते ही पिता हरिश्चंद्र मेहता दहाड़ मारकर रो पड़े। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया। वहीं दूसरे पुत्र सचिन की देर शाम तक खोजबीन जारी रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन बंद कर दिया।देर शाम बन्दरा सीओ अंकुर राय ने बताया कि शुक्रवार को फिर से टीम को लगाकर तलाश कराई जाएगी।

इधर, मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक बच्चों की मां नीलम देवी ने थाने में आवेदन देकर अपने देवर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन कम दाम में लिखवाने को लेकर उन्हें प्रताड़ित किया गया और केस करने एवं जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं पियर थानाध्यक्ष रजनीकांत ने बताया कि नीलम देवी के लिखित आवेदन पर शिवचंद्र मेहता समेत दो लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।











