-शहरवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता पर समाधान करने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध : महापौर
-राष्ट्रीय राजमार्ग से धर्मसमाज चौक जमला रोड तक आरसीसी नाला निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
– कहा कि हमारे ढाई वर्षों के कार्यकाल की पिछले कई कार्यकाल से कोई तुलना ही नहीं
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
नगर निगम मोतिहारी द्वारा शहर में लंबे समय से चली आ रही पानी निकासी की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर निगम कोष की राशि से राष्ट्रीय राजमार्ग से धर्मसमाज चौक जमला रोड तक आर.सी.सी. नाला निर्माण कार्य का आज विधिवत शिलान्यास महापौर प्रीति कुमारी ने किया।
इस निर्माण कार्य पर कुल 2,19,58,200 (दो करोड़ उन्नीस लाख अठावन हजार दो सौ) की राशि व्यय की जाएगी। इस आर.सी.सी. नाला के निर्माण से इस क्षेत्र में बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी और पानी निकासी की व्यवस्था सुचारू रूप से हो सकेगी।

महापौर प्रीति कुमारी ने इस अवसर पर कहा कि
नगर निगम मोतिहारी शहरवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता पर समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस नाला निर्माण कार्य से धर्मसमाज चौक, जमला रोड और आसपास के क्षेत्रों में बरसात के मौसम में होने वाले जलजमाव से राहत मिलेगी और लोगों को सुगम यातायात की सुविधा भी प्राप्त होगी।
इस अवसर पर निगम पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की शुरुआत पर नगर निगम का आभार व्यक्त किया। नगर निगम मोतिहारी आगे भी शहर के नकछेद टोला, मठिया जीरात, ख़ुदानगर, मठिया डीह, चांदमारी, बरियापुर, सहित अन्य जलजमाव प्रभावित इलाकों में इस प्रकार के मुख्य नाला निर्माण कार्य कराकर शहर को जलमग्न होने से बचाने का प्रयास जारी रहेगा।












