-मुजफ्फरपुर: जिला पार्षद के भतीजे और शिक्षिका के इकलौते पुत्र का रहस्यमय तरीके से गायब, परिजनों में दहशत
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखण्ड के उर्दू प्राथमिक विद्यालय पटसारा की शिक्षिका सोनी के इकलौते पुत्र और बन्दरा पूर्वी जिला पार्षद फणीश कुमार चुन्नू के भतीजे देवशंकर (14 वर्ष) के रहस्यमय तरीके से लापता होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, देवशंकर क्लास 10 का छात्र है। वह शनिवार को अचानक घर से बाइक लेकर निकला और वापस नहीं लौटा। बाद में उसकी बाइक समस्तीपुर रेलवे स्टेशन परिसर के स्टैंड में खड़ी मिली, लेकिन लड़के का कोई सुराग नहीं मिला।

पीड़ित शिक्षिका एवं जिला पार्षद ने बताया कि परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं था, जिससे यह घटना और अधिक रहस्यमय हो गई है। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड, भटकाव या मानव तस्करी जैसी आशंकाओं से इंकार नहीं किया जा सकता। संभावना जताई जा रही है कि किसी ने प्रलोभन देकर उसे समस्तीपुर बुलाया और फिर वहां से गायब कर दिया।
मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि अब तक पुलिस सक्रियता नहीं दिखा रही है। इस घटना से पूरे परिवार में बेचैनी और डर का माहौल है। विभिन्न आशंकाओं एवं गम में माता-पिता एवं दादी की तबियत बिगड़ती जा रही है।












