-स्कूल से गायब बच्चे को छह घंटे में पुलिस ने किया बरामद, अपहर्ता गिरफ्तार
बेतिया से राजन द्विवेदी।
पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया स्थित एक निजी स्कूल से 5 वर्षीय बच्चे को अगवा करने का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बच्चे को 6 घंटे के अंदर गोरखपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। देर रात्रि करीब एक बजे बेतिया एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन ने मां को बुलाया और बेटे से मिलवाया।
बता दें कि बीते सोमवार को लौरिया थाना अंतर्गत आने वाले एक निजी स्कूल से नर्सरी क्लास के छात्र का अपहरण हो गया था। जिसकी सूचना मिलने पर बेतिया एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ विवेक दीप के नेतृत्व में टीम का गठन किया।

पुलिस ने स्कूल के शिक्षक सहित दो लोगों से पूछताछ की, तभी पता चला कि अपहरणकर्ता ने स्कूल के शिक्षक को फोन करके बताया कि बच्चे को उसके पिता बुला रहे हैं। शिक्षक ने जबाव दिया कि पिता स्कूल आकर बच्चे को घर ले जाएं।
वहीं, जब 12 बजे तक बच्चा घर नहीं पहुंचा, तब परिजनों में हड़कंप मच गया और वो स्कूल पहुंचे, जहां बच्चा नहीं मिला। बच्चा नौ बजे लंच ब्रेक के समय ही गायब हो गया था. उसका बैग स्कूल में ही था। बच्चे के पिता ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद जिस नंबर से अपहरणकर्ता ने शिक्षक को फोन किया था। वह नंबर दो दिन पहले लिया गया था। जिससे बेतिया एसपी को यह पता चल गया कि अपहरण की वारदात को प्लानिंग करके अंजाम दिया गया है।













