-राजापाकर विधायक प्रतिमा कुमारी का पुतला फूंक कर महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर विधानसभा की विधायक प्रतिमा कुमारी द्वारा महागठबंधन कार्यकर्ताओं को “दलाल” कहे जाने पर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। नाराज महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर उनका पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
शनिचर हाट चौक पर राजद नेता तपसी प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाया। वहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक शर्मा उर्फ गोलू के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस और राजद कार्यकर्ताओं ने चक सिकंदर बाजार कबीर द्वार एनएच पर भी विधायक का पुतला फूंका और जोरदार नारेबाजी की – “प्रतिमा कुमारी वापस जाओ”।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि विधायक प्रतिमा कुमारी एक ओर तो जनता को दलाल कहती हैं और दूसरी ओर महागठबंधन के कार्यकर्ताओं से वोट मांगने का काम करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके 5 साल के कार्यकाल में अधिकांश योजनाओं को एनडीए समर्थित कार्यकर्ताओं और बाहरी एजेंसियों के माध्यम से कराया गया, जिससे महागठबंधन को कमजोर किया गया।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने महागठबंधन के शीर्ष और केंद्रीय नेतृत्व से मांग की कि आगामी चुनाव में प्रतिमा कुमारी को टिकट न देकर किसी अन्य योग्य उम्मीदवार को मौका दिया जाए। उनका कहना था कि यदि प्रतिमा कुमारी को टिकट दिया गया तो गठबंधन चुनाव में हार का सामना करेगा।
इस पुतला दहन कार्यक्रम में राजद के प्रदेश सचिव तपसी प्रसाद सिंह, सीताराम सिंह, शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, रामजन्म सिंह, महेश प्रसाद सिंह, अमरनाथ सिंह, अनिल यादव, अंकेश कुमार, केसनाथ राय, राजेश राय, भूलन राय, पवन सिंह, अमित कुमार, रवि रंजन यादव, कमरे आलम, रामनाथ पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।












