-एसबीआई ने फरीदपुर चौक पर चलाया वित्तीय समावेशन अभियान, योजनाओं की दी जानकारी
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव।
भारतीय स्टेट बैंक शाखा राजापाकर की ओर से बखरी बड़ाई पंचायत के फरीदपुर चौक पर वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक अपने ग्राहकों के लिए कई लाभकारी योजनाएँ चला रहा है। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत मात्र ₹20 वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मिलता है।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में मात्र ₹330 जमा कर 18 से 50 वर्ष की आयु के लोगों को 2 लाख रुपये का जीवन बीमा उपलब्ध है।
उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना से अस्थाई या स्थाई विकलांगता होने पर भी लाभार्थियों को बीमा का लाभ मिलेगा। इसके अलावा उन्होंने अटल पेंशन योजना की जानकारी दी, जिसके तहत 60 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद मात्र ₹500 मासिक जमा कर 5,000 रुपये तक की मासिक पेंशन प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने क्षेत्रीय प्रबंधक से फरीदपुर चौक पर एटीएम लगाने और पंचायत में ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) खोलने की मांग की। जिस पर उन्होंने जल्द ही एटीएम और सीएसपी की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर एसबीआई शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से चल रही योजनाएँ कम प्रीमियम में बेहतर सुरक्षा प्रदान करती हैं। उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि जिनका खाता बंद है वे तुरंत केवाईसी कराएँ और ₹100 जमा कर खाते को सक्रिय कराएँ, ताकि उन्हें सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल सके। विशेष रूप से जीविका दीदियों के खाते को सक्रिय करने पर बल दिया गया, ताकि सरकार द्वारा भेजी जाने वाली आर्थिक सहायता का लाभ उन्हें मिल सके।
मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जीविका दीदी, एसबीआई खाताधारी, डॉक्टर शीतल प्रसाद सिंह, आत्मा प्रखंड अध्यक्ष प्रभु दयाल सिंह, पूर्व मुखिया शत्रुघ्न प्रसाद सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं मौके पर ही कई खाताधारियों का केवाईसी सीएसपी संचालक मनीष कुमार व राकेश कुमार द्वारा पूरा किया गया।












