Advertisement

मुज़फ़्फ़रपुर नगर निगम द्वारा डेंगू, मलेरिया एवं मच्छर जनित बीमारियों पर नियंत्रण हेतु विशेष अभियान

-मुज़फ़्फ़रपुर नगर निगम द्वारा डेंगू, मलेरिया एवं मच्छर जनित बीमारियों पर नियंत्रण हेतु विशेष अभियान

-नगर आयुक्त ने सभी अंचल निरीक्षक के साथ की बैठक, दिए विशेष दिशा-निर्देश

मुज़फ़्फ़रपुर – 6 सितम्बर 2025

डेंगू एवं मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों पर नियंत्रण हेतु मुज़फ़्फ़रपुर नगर निगम लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। नगर आयुक्त विक्रम विरकर की अध्यक्षता में सभी अंचल के निरीक्षक की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगर आयुक्त ने मुज़फ़्फ़रपुर निगम क्षेत्र के अधीन सभी वार्डो में सतर्कता बढ़ाने और प्रत्येक अंचल निरीक्षक को स्थल भ्रमण कर कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि डेंगू प्रभावित घरों के 500 मीटर दायरे एवं अस्पताल परिसरों में एंटी लार्वा छिड़काव अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

टीमें पहुँचा रही हैं हर घर तक दवा, जियो-टैग फोटो व लॉग बुक से हो रही निगरानी:

नगर निगम की फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव टीमें प्रतिदिन सैकड़ों घरों तक पहुँच बना रही हैं और उनमें दवा का छिड़काव कर रही हैं। उद्देश्य है, मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोकना और संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करना।

इस अभियान की निरंतर निगरानी के लिए नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक अंचल निरीक्षक स्वयं क्षेत्र का दौरा करें, जियो-टैग फोटो और लॉग बुक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उप नगर आयुक्त स्तर से इन रिपोर्टों का सत्यापन प्रतिदिन किया जा रहा है।

नागरिकों से अपील:

मुज़फ़्फ़रपुर नगर निगम नागरिकों से भी अपील करता है कि:
अपने घरों एवं आसपास पानी इकट्ठा न होने दें।
यदि फॉगिंग या एंटी-लार्वा छिड़काव की आवश्यकता हो तो तुरंत नगर निगम हेल्पलाइन 155304 पर संपर्क करें।

नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने कहा कि
“यह अभियान तभी सफल होगा जब नगर निगम की कार्ययोजना के साथ-साथ नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी निभाएँ। स्वच्छता और सतर्कता ही डेंगू और मलेरिया से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।”