Advertisement

रुन्नीसैदपुर–कटरा–क्वेटसा पथ को राज्य उच्च पथ में उत्क्रमित करने का प्रस्ताव भेजा गया, तीन NH को जोड़ेगा सीधा संपर्क

-रुन्नीसैदपुर–कटरा–क्वेटसा पथ को राज्य उच्च पथ में उत्क्रमित करने का प्रस्ताव भेजा गया, तीन NH को जोड़ेगा सीधा संपर्क

मुजफ्फरपुर।
जिला प्रशासन द्वारा क्षेत्रीय विकास और यातायात सुविधा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र भेजकर रुन्नीसैदपुर–कटरा–क्वेटसा सड़क मार्ग को राज्य उच्च पथ (State Highway) में उत्क्रमित करने का औपचारिक प्रस्ताव भेजा है।

यह मार्ग न केवल स्थानीय और अंतरजिला संपर्क को बेहतर बनाएगा, बल्कि तीन राष्ट्रीय राजमार्गों – एनएच-22 (पूर्व में एनएच-77), एनएच-527सी और एनएच-27 (ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर) के बीच सीधा और वैकल्पिक संपर्क भी स्थापित करेगा।

प्रस्ताव के अनुसार इस मार्ग की कुल लंबाई 37.505 किलोमीटर है, जिसे दो खंडों में विभाजित किया गया है — पहला खंड 24.180 किमी और दूसरा 13.325 किमी का है। यह सड़क रुन्नीसैदपुर (एनएच-22 एवं एसएच-87), बोकची/कटरा (एनएच-527सी) होते हुए क्वेटा चौक (एनएच-27) तक पहुंचेगी।

वर्तमान में इन स्थलों के बीच की दूरी करीब 90.82 किलोमीटर है, लेकिन यदि इस मार्ग को राज्य उच्च पथ का दर्जा मिल जाता है, तो कुल दूरी घटकर 37.505 किलोमीटर रह जाएगी। इससे भारी वाहनों के लिए लगभग 25.30 किमी की दूरी की बचत होगी, जिससे न केवल यात्रा का समय घटेगा बल्कि ईंधन की भी बड़ी मात्रा में बचत होगी।

यह नया मार्ग दरभंगा, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी जैसे प्रमुख जिलों के बीच न्यूनतम दूरी का विकल्प बनेगा और क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क को मजबूती प्रदान करेगा। इससे औद्योगिक, कृषि और व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।

जिलाधिकारी की यह पहल क्षेत्रीय विकास और यातायात दक्षता को बढ़ाने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम माना जा रहा है। अब नजरें पथ निर्माण विभाग की स्वीकृति पर टिकी हैं।