Advertisement

बाग तड़ाग में प्रभु श्री राम और माता सीता का प्रथम मिलन

-बाग तड़ाग में प्रभु श्री राम और माता सीता का प्रथम मिलन

-जनकपुरधाम में उत्सवी माहौल

जनकपुरधाम (नेपाल)।मिश्रीलाल मधुकर।

जनकपुरधाम में सप्ताहव्यापी कार्यक्रम के दूसरे दिन विवाह मंडप में फूलवारी लीला का आयोजन संपन्न हुआ। इस लीला में प्रभु श्री राम और माता सीता के बाग तड़ाग में हुए प्रथम मिलन का मनोरम दृश्य प्रस्तुत किया गया।

गुरु विश्वामित्र के आदेश पर राम और लक्ष्मण बाग तड़ाग में पूजा हेतु फूल चुनने गए। वहां की सुंदरता—नाना प्रकार के पुष्प, लताओं से लदे वृक्ष, मंडराती तितलियां, और गुनगुनाते भौंरे देखकर दोनों भाई आनंदित हो उठे। इसी बीच, सीता भी अपनी सखियों के साथ गिरिजा पूजन के लिए फूल लोढने आईं।

फूल चुनते समय सीता और राम की नजरें एक-दूसरे से टकराईं। यह मिलन इतना अद्भुत था कि दोनों के मन और हृदय भाव-विभोर हो गए। सीता की सहेलियों ने इस मिलन पर चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें इस अजनबी से प्रेम हो गया है।

महिलाओं ने गाए मंगल गीत:

इस अवसर पर जनकपुरधाम में अयोध्या से आए रामलीला कलाकारों ने राम, लक्ष्मण, सीता, और उनकी सहेलियों की भूमिकाएं निभाईं। कार्यक्रम में महिलाओं ने मंगल गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

जनकपुरधाम के जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव, उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव, मेयर मनोज कुमार साह, और हजारों श्रद्धालु नेपाल और भारत से इस लीला को देखने पहुंचे।

सप्ताहव्यापी उत्सव में अद्भुत प्रस्तुति:

यह कार्यक्रम जनकपुरधाम में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का प्रतीक बन चुका है। बाग तड़ाग का यह पवित्र दृश्य श्रद्धालुओं के मन में प्रभु राम और माता सीता के दिव्य प्रेम का अमिट चित्र उकेरता है।

#जनकपुरधाम #रामसीता_मिलन #फूलवारी_लीला #धार्मिक_उत्सव