Advertisement

नाबालिग बेटे ने घर में किया ऐसा ‘कांड’

आई फोन के लिए ऐसी दीवानगी!

-नाबालिग बेटे ने घर में किया ऐसा ‘कांड’
-जानकर पुलिस भी हैरान

संवाददाता। नालन्दा।

बिहार के नालंदा जिले से आईफोन की दीवानगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिससे हर कोई हैरान है। मामला जिले के दीपनगर का है। यहां एक स्कूल संचालक के बेटे ने आईफोन खरीदने के लिए अपने ही घर में डकैती करवा दी। बेटे ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के 12 घंटे के अंदर ही पुलिस ने बेटे और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटे गए पैसे और जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर मोहल्ले की है।
22 अक्टूबर की शाम को स्कूल संचालक शिवशंकर पांडेय ने दीपनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ’15-16 वर्षीय बेटे को घर में बाहर से ताला बंद कर विद्यालय गए थे। लौटने पर उनके बेटे ने बताया कि चार नकाबपोश बदमाश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और उसे बंधक बनाकर अलमारी से 1 लाख 6 हजार रुपये नकद और आभूषण लूट लिए।’
पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को अलमारी का लॉकर कटर से कटा हुआ मिला। इससे पुलिस को शक हुआ कि यह लूट की साजिश हो सकती है। शुरुआत में पीड़ित शिवशंकर पांडेय ने अपनी बहू पर शक जताया, लेकिन पुलिस को पिता और बेटे के बयानों में अंतर दिखाई दिया। पुलिस ने जब बेटे से सख्ती से पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया।

बेटे ने बताया कि उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। वह आईफोन-15 खरीदना चाहता था। इसके लिए उसने घर की नकली चाबियां बनवाईं और अपने दोस्तों को बुलाया। फिर उन्होंने कटर से अलमारी काटकर रुपये और गहने चुराए। अपने पिता को गुमराह करने के लिए उसने खुद को बंधक बनाए जाने की झूठी कहानी गढ़ी थी।
पुलिस ने बताया कि ‘बेटे की निशानदेही पर तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया। इसके पास से 1 लाख 780 रुपए और जेवरात बरामद हुआ।’ सदर डीएसपी नुरुल हक ने इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।