‘खड़गे’ का बिहार दौरा और दल में भगदड़ !
-कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पटना में PC कर रहे थे और दल के दो नेताओं ने दे दिया इस्तीफा!
संवाददाता। पटना।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज पटना में हैं. सहयोगी दलों के साथ खड़गे ने पटना में प्रेस कांफ्रेंस किया है. राष्ट्रीय अध्यक्ष के पटना पहुंचते ही कांग्रेस में इस्तीफा देने वाले नेताओं की कतार लग गई है. भारत जोड़ो न्याय यात्रा के सह संयोजक के साथ-साथ पार्टी के एक प्रवक्ता ने भी इस्तीफा दे दिया है. दोनों ने अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे को भेजा है.
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के सह संयोजक अरविंद कुमार ठाकुर और मीडिया संयोजक-प्रवक्ता डॉ. विनोद शर्मा ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. अरविंद कुमार ठाकुर ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे पत्र में कहा है कि राष्ट्र हित एवं प्रदेश हित से जुड़े कई विषयों में जैसे राम मंदिर, जनसंख्या असंतुलन, संपत्ति बंटवारा पर पार्टी की सोच जन भावना के खिलाफ है. साथ ही समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और धन कुबेरों को प्राथमिकता देने से आहत होकर प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हैं. साथ ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दायित्व (सह संयोजक) से भी खुद को मुक्त करते हैं.

प्रवक्ता डॉक्टर विनोद शर्मा ने भी प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज दिया है. खड़गे को भेजे पत्र में उन्होंने लिखा है कि वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के साथ-साथ प्रवक्ता एवं (सह संयोजक मीडिया) भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पद से इस्तीफा देते हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि बिहार में कांग्रेस पार्टी जंगल राज पार्ट- 2 की शुरुआत के लिए राजद के सामने घुटने टेक दिए हैं. भारत तेरे 100-100 टुकड़े होंगे का नारा लगाने वाले के सरगना को दिल्ली से लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है. इससे पार्टी की मंशा स्पष्ट हो रही है. खोटे सिक्के और धन कुबेरों को ही पार्टी आगे बढ़ाना चाहती है.












