-सुशील मोदी बिहार भाजपा के नए ‘संकटमोचक’, पटना की सड़कों पर लगे पोस्टर सिर्फ बर्थडे की बधाई है या कोई और संदेश?
पटना।सम्वाददाता।
बिहार राजग में एक और हनुमान का प्रवेश हो गया है। नए हनुमान बने हैं पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी। पांच जनवरी मोदी की जन्मतिथि है। इससे पहले उनके समर्थकों ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय और शहर के दूसरे हिस्से में पोस्टर लगाया है।
पोस्टर पर हनुमान की बड़ी आकृति है। उसी के बीच सुशील मोदी विराजमान हैं। राजद में रामायण और महाभारत के पात्रों पर पहले भी पोस्टरबाजी होती रही है। लेकिन, भाजपा के किसी नेता के लिए यह पहला प्रयोग है।
वैसे, 2020 के विधानसभा चुनाव में लोजपा के चिराग पासवान ने स्वयं को प्रधानमंत्री नरेंद मोदी का हनुमान बताया था। हालांकि, उस चुनाव में चिराग की पार्टी लोजपा बुरी तरह पराजित हुई थी। सुशील मोदी का हनुमान वाला अवतार एकदम नया है।
सांसद सुशील मोदी के पोस्टर पटना की सड़कों पर जगह-जगह लगाए गए हैं। इन पोस्टरों की वजह से अब सियासी अटकलें भी तेज हो गई हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि जन्म दिन की बधाई के बहाने कोई और संदेश देने की कोशिश की गई है।

इन पोस्टर में सुशील मोदी को संकटमोचक बताए जाने को साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों और 2025 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
इससे पहले बीते साल 30 दिसंबर को भी पोस्ट लगाकर सुशील मोदी को जन्मदिन की बधाई दी गई थी। मोदी का पोस्टर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पोस्टर के बगल में लगाया गया था। बता दें कि एनडीए ने बिहार में अभी तक कोई चेहरा घोषित नहीं किया है।
लालू-राबड़ी के घर के बाहर लगे पोस्टर था चर्चा में
इससे पहले राबड़ी देवी और लालू यादव के घर के बाहर लगाए गए पोस्टर चर्चा में आया था। राजद विधायक फतेह बहादुर सिंह ने लगवाए थे। इस पोस्टर पर लिखे संदेश को सनातन धर्म के अपमान से जोड़कर देखा गया था।












