Advertisement

हलो..आपको फलां ने RJD का बूथ कमेटी सदस्य बनाया है क्या? तेजस्वी के दौरे से पहले राजद नेताओं को एक और टास्क

-हलो.. आपको फलां ने RJD का बूथ कमेटी सदस्य बनाया है क्या? तेजस्वी के दौरे से पहले राजद नेताओं को एक और टास्क

पटना।संवाददाता।

राजद नेतृत्व अब पुराने वाले मोड में नहीं है। वह सब कुछ ठोक बजाकर इत्मिनान कर लेना चाहता है। फर्जी सूचनाओं को इजाजत नहीं।

हाल ही में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपने जिलाध्यक्षों के साथ दो दिनों तक बैठकर उन्हें यह टास्क दिया था कि हर हाल में सितंबर तक सभी जगहों पर बूथ कमेटी का गठन हो जाए।
इस वजह से नियमित रूप से राजद के संबंधित पदाधिकारी फोन पर यह पूछ रहे- हलो, आप बूथ कमेटी के सदस्य बनाए गए हैं क्या?

बूथ कमेटी का गठन पूरा होने के बाद तेजस्वी का दौरा:

बूथ कमेटी के गठन का काम पूरा होने के बाद उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पूरे प्रदेश में दौरा कर सभाएं करेंगे। जिला स्तर पर काम कर रहे पदाधिकारियों को भी इस क्रम में सक्रिय किया जाएगा।

कुछ जिलों से कमेटी के गठन की पूरी रिपोर्ट नहीं आई
राजद के संबंधित पदाधिकारी ने बताया कि कुछ जिलों से अब भी बूथ कमेटी के पदाधिकारियों की पूरी सूची नहीं आई है। ऐसे जिलाध्यक्षों को पुन: इस बारे में कहा गया है। ताकि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पूर्व तैयारियों में कोई कमी न रहे।

कई मामलों में गड़बड़ी भी सामने आ रही:

राजद के संबंधित पदाधिकारी ने बताया कि रैंडम तरीके से मोबाइल पर यह सत्यापित किया जा रहा कि फलां व्यक्ति को बूथ कमेटी का सदस्य बनाया गया है या नहीं।

अधिकतर मामलों में यह सही पाया जा रहा है, परंतु कुछ मामले ऐसे भी सामने आए हैं, जहां सूची में शामिल व्यक्ति ने अपने आपको इस बात से पूरी तरह से अनभिज्ञ बताया कि उन्हें किसी व्यक्ति ने राजद बूथ कमेटी का सदस्य बनाया गया है।

ऐसे मामले नोट किए जा रहे हैं। प्रदेश महासचिव स्तर के पदाधिकारियों के संज्ञान में इस तरह के जिले और संख्या की सूची दी जा रही। बूथ स्तर पर कमेटी का गठन पार्टी की प्राथमिकता सूची में है।