Advertisement

बरेली: चांदी से बना दरगाह का दरवाजा

-कल से होगा आला हजरत के 105वें उर्स-ए-रजवी का आगाज, चांदी से बना दरगाह का दरवाजा

बरेली। संवाददाता।

इमाम अहमद रजा खान फाजिले बरेलवी (आला हजरत) को चाहने वाले उर्स-ए-रजवी के दौरान अकीदत पेश करते हैं। देश दुनिया से आने वाले जायरीन दरगाह पर फूल पेश करते हैं। इस बार आला हजरत के मजार का गेट चांदी से तैयार किया गया। चांदी से बने इस गेट से इसकी सुंदरता और बढ़ गई है।

दरगाह प्रमुख हजरत मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) ने शुक्रवार को देर रात इसका उद्घाटन किया। दरगाह को फूलों से सजाया गया है। इस बार दरगाह पर आने वाले जायरीन को रूहानी एहसास होगा। दरगाह पर तीन रोजा उर्स 10 सितंबर से शुरू होगा।

बरेली में जुटेंगे देशभर के उलेमा:

बरेली के इस्लामिया मैदान में 10 सितंबर से 105 वें तीन रोजा उर्स-ए-रजवी शुरु होने वाला है। इसमें दुनियाभर से आने वाले उलेमा व वक्ताओं को तकरीर करने के लिए विशेष टॉपिक दिए जा रहे हैं। सज्जादानशीन हजरत मुफ्ती अहसन मियां ने मदरसा मंजरे इस्लाम के उलेमा, शिक्षकों व टीटीएस के जिम्मेदारों के साथ उर्स-ए-रजवी की तैयारियों व रूपरेखा को लेकर बैठक भी हो चुकी है। यहां तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।

रहेगी कड़ी सुरक्षा:

बरेली में इस खास मौके पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। सड़क से लेकर रेलवे स्टेशन तक पुलिस तैनात रहेगी। इसके साथ ही कई रुट भी डायवर्ट किए जाएंगे।