-स्कूलों में जलजमाव से शिक्षकों के साथ छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानी
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
लगातार बारिश के बीच प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में भी जल जमाव की वजहों से छात्र-छात्राओं को स्कूल में एंट्री के साथ ही शैक्षणिक एवं खेलकूद सहित विभिन्न गतिविधियों में परेशानी उत्पन्न हो रही है। बन्दरा में स्थित मिड्ल स्कूल के मुख्य द्वार पर जल जमाव की वजहों से स्कूल के शिक्षकों सहित छात्र-छात्राओं को स्कूल में एंट्री के समय ही जल जमाव से सामना करना पड़ रहा है। स्कूल के शिक्षक ने बताया कि यह विद्यालय हाई स्कूल में उत्क्रमण के बाद अब प्लस टू विद्यालय में उत्क्रमित कर दिया गया है,लेकिन विद्यालय परिसर में गड्ढा आदि की वजह से हल्की बारिश के साथ ही जल जमाव उत्पन्न हो जाता है।

मिड्ल स्कूल से लेकर हाई स्कूल परिसर तक जल जमाव की वजह से छात्र-छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों में परेशानी हो रही है। शिक्षकों एवं ग्रामीणों का बताना है कि इसी तरीके की स्थिति प्रखंड के कई अन्य विद्यालयों की भी है।प्रखंड के मुन्नी-बैंगरी पंचायत में स्थित उत्क्रमित टेन प्लस टू विद्यालय सकरी मन की भी यही स्थिति है। जहां बरसात के साथ ही परिसर में कीचड़ युक्त जल जमाव की वजह से छात्र-छात्राओं को परेशानी उत्पन्न हो रही है।यहां शिक्षकीय लापरवाही की वजहों से पालतू पशुओं के गोबर,गंदगी,जलावन आदि से सामान्य दिनों में भी परेशानी रहती है।











