-भगवान शिव के भक्तों को इस दिन मिलेगा पूजा का सर्वाधिक लाभ, पूर्ण होगी सभी मनोकामना
नई दिल्ली।सम्वाददाता।
भगवान शिव की उपासना के लिए श्रावण मास को बहुत ही सर्वोत्तम माना जाता है। मान्यता है कि श्रावण मास में प्रत्येक सोमवार के दिन भगवान शिव की उपासना करने से साधक की सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती है और उन्हें रोग, दोष व विभिन्न प्रकार की समस्याओं से मुक्ति प्राप्त हो जाती है। पंचांग के अनुसार, 14 अगस्त 2023 के दिन सावन अधिक मास का चतुर्थ सोमवार व्रत रखा जाएगा। साथ ही इस दिन अधिक मासिक शिवरात्रि व्रत भी रखा जाएगा। ऐसे में इस दिन का महत्व और बढ़ जाता है और शिव के भक्तों को इस दिन पूजा का विशेष लाभ प्राप्त होगा।

हिंदू पंचांग के अनुसार, श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि के दिन सावन अधिक मास का चतुर्थ सोमवार व्रत रखा जाएगा। साथ ही इसी दिन अधिक मासिक शिवरात्रि व्रत भी रखा जाएगा। बता दें कि इस दिन पुनर्वसु और पुष्य नक्षत्र का निर्माण हो रहा है। साथ ही इस विशेष दिन पर सर्वार्थ सिद्धि योग भी बन रहा है। पंचांग के अनुसार, पुनर्वसु नक्षत्र सुबह 11:07 तक रहेगा और इसके बाद पुष्य नक्षत्र शुरू हो जाएगा। वहीं सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह 11:07 से 15 अगस्त सुबह 5:50 तक रहेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस शुभ मुहूर्त में महादेव की उपासना करने से साधक को विशेष लाभ मिलता है।
ज्योतिष पंचांग के अनुसार, अधिक मास 3 साल में एक बार आता है। जिस वजह से इसमें रखे जाने वाले व्रत एवं त्योहार का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। बता दें कि अधिक मास में शिवरात्रि व्रत का विशेष महत्व है। साथ ही अधिक मास के कारण इस वर्ष श्रावण मास दो महीने का है। बता दें कि सावन अधिक मास के चतुर्थ सोमवार व्रत के दिन मासिक शिवरात्रि व्रत भी रखा जाएगा। ऐसे में इस दिन सुबह के समय भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं रात्रि के समय शिव जी की चार प्रहर रात्रि पूजा करने से साधक को विशेष लाभ मिलेगा और महादेव अपने भक्तों से प्रसन्न होंगे।














