Advertisement

युवक ने खुद को डॉक्टर बता किया शादी का वादा, लड़की की मां से ऐंठे 7 लाख, बेटी लापता हुई तो दर्ज कराया केस

-युवक ने खुद को डॉक्टर बता किया शादी का वादा, लड़की की मां से ऐंठे 7 लाख, बेटी लापता हुई तो दर्ज कराया केस

 

फलका (कटिहार)।सम्वाददाता।

फलका थाना क्षेत्र के सालेहपुर गांव निवासी एक महिला ने पूर्णिया जिले के एक युवक पर खुद को डॉक्टर बताकर पुत्री से शादी करने का झांसा देकर सात लाख रुपये ठगी करने व बाद में पुत्री का अपहरण करने का आरोप लगाकर स्थानीय थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है।

पीड़िता गुलशन ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि वह अपनी पुत्री साहबरीन खातून की शादी कराने को लेकर चिंतित रहती थी। इसी क्रम में पूर्णिया के डगरुआ थाना क्षेत्र के डगरुआ निवासी मु. साजिद उनके गांव अपने दूर के रिश्तेदार के घर आया था। इस दौरान युवक ने खुद को डॉक्टर बताया।

वहीं, गांव के कुछ लोगों ने भी बताया कि यह अच्छा लड़का है, तुम्हारी पुत्री से शादी करने के लिए ठीक रहेगा, जिसके बाद साजिद से उसकी (लड़की की मां से) बातचीत हुई और साजिद ने कहा कि आगे पढ़ने के लिए रूपया देने पर पुत्री से शादी करने की बात कही। युवक की बात पर विश्वास कर अलग-अलग तिथि में सात लाख रूपये दिये।


इसके बाद युवक शादी करने की बात कहने पर आनाकानी करने लगा। मध्यस्थता करने वाले ग्रामीण भी पीछे हट गए। फिर 12 जुलाई को पुत्री अचानक लापता हो गई। खोजबीन करने के क्रम में भी कोई अता-पता नहीं चल पाया।
महिला ने आशंका जाहिर की है कि साजिद ने ही उसकी पुत्री का अपहरण किया है। थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार पटेल ने बताया कि महिला के आवेदन पर मामला दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।