Advertisement

बिहार विधानसभा में विवाद बढ़ा ! सत्ता पक्ष व विपक्षी विधायकों में तीखी नोकझोक, कार्यवाही स्थगित

-बिहार विधानसभा में विवाद बढ़ा ! सत्ता पक्ष व विपक्षी विधायकों में तीखी नोकझोक, कार्यवाही स्थगित

सम्वाददाता। पटना।

बिहार विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान आज भारी हंगामा हुआ। कई जिलों में हुए दंगे को लेकर सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच तीखी नोकझोक हुई।इसके बाद दोनों तरफ के विधायक वेल में पहुंच गए। विवाद बढ़ता देख स्पीकर अवध बिहारी चौधरी ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया।
दरअसल, स्पीकर ने आज जैसे ही प्रश्नकाल की शुरूआत की तभी भाजपा नेताओं ने रामनवमी के मौके पर हुए उपद्रव का मामला उठाया. इसके बाद सत्ता पक्ष व विपक्ष आमने-सामने हो गया. भाजपा विधायक भी वेल में पहुंच गए और हंगामा करने लगे. बीजेपी के विधायक वेल में पोस्टर लहराने लगे. नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है. सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है. हमलोग सभी धर्मों का सम्मान करते हैं. ताजिया जुलूस निकलता है तो पत्थर नहीं बरसता है लेकिन रामनवमी जुलूस के दौरान पत्थर बरसाये जाते हैं.विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सासाराम में बम विस्फोट हो रहे. बिहारशरीफ में भारी उपद्रव हुआ है. नीतीश सरकार तुष्टीकरण की राजनीति की जा रही है. गैरजिम्मेदार थानेदारों और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। सासाराम में थानाध्यक्ष द्वारा प्रचार किया गया कि धारा-144 लगाया गया है. दूसरी तरफ जिलाधिकारी ने कहा कि धारा-144 नहीं लगा गया है. यह भ्रम फैलाने वाली स्थिति है।


वहीं, सत्ता पक्ष के विधायकों ने कहा कि कई जिलों में हुआ दंगा सुनियोजित साजिश है. भाजपा का इसमें हाथ है. माले विधायक महबूब आलम ने कहा कि दंगा में बजरंग दल और आरएसएस का हाथ है. इस पर प्रतिबंध लगाया जाय. राजद-कांग्रेस-माले के कई विधायकों ने एक स्वर से कहा कि भाजपा दंगाई पार्टी है. ऐसे में सरकार जांच कर उचित कार्रवाई करे. स्थिति ऐसी हो गई कि दोनों तरफ के विधायक आमने-सामने हो गए। स्पीकर ने सदन में स्थिति खराब देखी तो कार्यवाही दिन के 2 बजे तक स्थगित कर दिया।