-78 पदों के लिए 2.64 लाख आवेदन: मद्य निषेध विभाग की एसआई भर्ती में बेरोजगारी की बड़ी तस्वीर
मुजफ्फरपुर/पटना। बिहार में सरकारी नौकरियों के प्रति युवाओं का बढ़ता रुझान एक बार फिर मद्य निषेध विभाग में अवर निरीक्षक (एसआई) भर्ती के आंकड़ों से साफ दिखाई दिया है। विभाग में महज 78 पदों के लिए 2 लाख 64 हजार 279 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी एक पद के लिए औसतन 3,388 अभ्यर्थी मैदान में हैं। यह आंकड़ा राज्य में बेरोजगारी और सरकारी नौकरी की बढ़ती प्रतिस्पर्धा की तस्वीर भी पेश करता है।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से निकाली गई इस भर्ती में न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक निर्धारित की गई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में स्नातकोत्तर, इंजीनियरिंग और अन्य पेशेवर डिग्रीधारी युवाओं ने भी आवेदन किया है। बिहार के अलावा झारखंड और उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों ने भी बड़ी संख्या में फॉर्म भरे हैं।
अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा 12 जुलाई को एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

मुजफ्फरपुर में 13 जिलों के 15 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, सिवान, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, खगड़िया, वैशाली, पूर्णिया, किशनगंज सहित अन्य जिलों के परीक्षार्थी शामिल होंगे।
भर्ती परीक्षा के लिए पूरे बिहार में 515 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अररिया, अरवल, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, गोपालगंज, जमुई, जहानाबाद, कैमूर, कटिहार, किशनगंज, लखीसराय, मधेपुरा, मधुबनी, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, पूर्णिया, रोहतास, सहरसा, समस्तीपुर, सारण, शेखपुरा, सीतामढ़ी, सिवान, सुपौल, वैशाली और पश्चिम चंपारण में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
भर्ती के ये आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि सीमित सरकारी पदों के लिए लाखों युवा आवेदन कर रहे हैं, जिससे प्रतियोगिता लगातार कठिन होती जा रही है। यह स्थिति राज्य में रोजगार की चुनौती और सरकारी नौकरियों के प्रति युवाओं के बढ़ते आकर्षण को भी उजागर करती है।












