Advertisement

7 पत्तों वाला बेलपत्र पाकर निहाल हुआ शिवःभक्त,बाबा खगेश्वरनाथ को किया अर्पित

-7 पत्तों वाला बेलपत्र पाकर निहाल हुआ शिवःभक्त,बाबा खगेश्वरनाथ को किया अर्पित

मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।

बिहार के मुजफ्फरपुर में अति पवित्र श्रावण माह के बीच गुरुवार की सुबह जिले के बन्दरा प्रखंड क्षेत्र के मुन्नी-बैंगरी पंचायत के सकरी मन गांव में एक शिव भक्त को 7 पत्तों वाले बेलपत्र मिले हैं। इसके बाद स्थानीय श्रद्धालुओं में कौतूहल मच गया।यह बेलपत्र सकरी मन गांव निवासी मनोज ठाकुर को मिले हैं। मनोज ठाकुर मुन्नी-बैंगरी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष भी हैं। मनोज ठाकुर ने बताया कि वह सुबह -सवेरे भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के लिए बेल के पेड़ से बेलपत्र तोड़ने गए थे। दो तीन पत्ते को तोड़ने के बाद उनके हाथ में अचानक सात पत्ते वाले बेलपत्र आ गए। जिसे देखकर उन्हें सहसा यकीन नहीं हो रहा था कि यह 7 पत्तों वाला बेलपत्र हीं उनके हाथ में है।यक़ीन नहीं होने पर कई बार वे इस पत्ते को निहारते रहे। सत्यता जानकर वे खुशी से झूम उठे।

मनोज ने बताया कि उन्हें कई साल पहले एक बार 5 पत्तों वाला बेलपत्र मिला था। अबकी बार 7 पत्तों का बेलपत्र मिला तो खुशी से झूम उठे। लोग बताते हैं कि अमूमन तीन पत्तों का बेलपत्र पवित्र एवं पूजन योग्य होता है। जिसे भक्तों के द्वारा भगवान भोले को चढ़ाया जाता है। तीन पत्तों से कम का बेलपत्र अपवित्र,खंडित या अयोग्य माना जाता है। वहीं 5 एवं 7 पत्तों का बेलपत्र अति पवित्र एवं ईश्वरीय कृपा का पात्र माना जाता है। मनोज ठाकुर ने बताया कि वह क्षेत्र के अति प्राचीन बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर में बेलपत्र चढ़ाने के बाद प्रसाद स्वरूप इस बेलपत्र को सहेज कर रखेंगे। पवित्र सावन माह में 7 पत्तों का बेलपत्र मिलना काफी शुभ संकेत है।