-सक्रिय राजनीति के साथ शिक्षा में भी मिसाल: पूर्व गृह मंत्री भरत साह ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा की उत्तीर्ण
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। यह कहावत कि शिक्षा और ज्ञान प्राप्ति की कोई उम्र या सीमा नहीं होती, इसे मधेश प्रदेश के पूर्व गृह, संचार तथा कानून मंत्री भरत प्रसाद साह ने सच साबित कर दिखाया है। सक्रिय राजनीति में व्यस्त रहने के बावजूद उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा को निरंतर जारी रखा और अब पीएचडी प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर एक नई उपलब्धि अपने नाम की है।
नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के वरिष्ठ नेता भरत प्रसाद साह ने दो विषयों में स्नातकोत्तर (एम.ए.) की डिग्री प्राप्त करने के बाद उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का निर्णय लिया। उन्होंने हाल ही में आयोजित पीएचडी प्रवेश परीक्षा में भाग लिया और लिखित परीक्षा के साथ-साथ साक्षात्कार में भी सफलता प्राप्त की।

उनकी इस उपलब्धि को शिक्षा और राजनीति के संतुलित समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। राजनीतिक दायित्वों के बीच अध्ययन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता युवाओं और जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
शिक्षा जगत और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भरत प्रसाद साह को इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि उनका यह कदम आजीवन सीखने और ज्ञान अर्जित करने की भावना को मजबूत करता है। पीएचडी में प्रवेश के बाद निकट भविष्य में वे ‘डॉ. भरत प्रसाद साह’ के नाम से भी जाने जाएंगे।












