-106 करोड़ की लागत से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्यों का विधायक ने किया निरीक्षण
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी नमामि गंगे योजना के तहत सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह के विशेष प्रयास से मोतिहारी में 106 करोड़ रुपये की लागत से चार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य शहर के घरों एवं नालों से निकलने वाले गंदे पानी को शोधित कर मोतीझील तथा अन्य जलस्रोतों को प्रदूषणमुक्त बनाना है।
नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बन रहे इन अत्याधुनिक एसटीपी के माध्यम से अनुपचारित सीवेज जल को झील एवं नदियों में जाने से रोका जाएगा। जानकारी के अनुसार प्रत्येक एसटीपी आधुनिक जैविक एवं रासायनिक तकनीक पर आधारित होगा। जिसमें स्क्रीनिंग, सेडिमेंटेशन, एरेशन एवं बायोलॉजिकल ट्रीटमेंट जैसी प्रक्रियाओं द्वारा गंदे पानी का शोधन किया जाएगा। शोधित जल को ही जलस्रोतों में छोड़ा जाएगा, जिससे जल प्रदूषण में भारी कमी आएगी।

निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करते हुए विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद मोतीझील का जल अधिक स्वच्छ एवं निर्मल होगा। इससे जलीय जीव-जंतुओं एवं वनस्पतियों के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा शहर में पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि चारों STP का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है और वर्ष 2027 के अंत तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशीष कुमार, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, बुडको के पदाधिकारी, रोचक झा, संजू निषाद, राकेश सिंह, राजू वर्मा, ओमप्रकाश ठाकुर, पिंटू तिवारी, सुनीता देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












