-हमें मौका दीजिए, नेपाल को समृद्ध राष्ट्र बनाएंगे: बालेंद्र साह
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
जनकपुरधाम के तिरहुतिया गाछी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए काठमांडू के मेयर बालेंद्र साह ने मैथिली भाषा में अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा, “हमरा मौका दहो, हम नेपाल के समृद्ध राष्ट्र बनेबै।” उनके इतना कहते ही सभा स्थल पर मौजूद हजारों लोगों ने “बालन… बालन…” के नारों से पूरा मैदान गूंजा दिया।
बालेंद्र साह ने कहा कि जिस तरह उन्होंने अपने कार्यकाल में काठमांडू महानगरपालिका का कायाकल्प किया, उसी तरह वे पूरे नेपाल का भी कायापलट करेंगे। उन्होंने बताया कि काठमांडू में 20 हजार छात्रों को छात्रवृत्ति देकर अच्छे शिक्षण संस्थानों में नामांकन कराया गया, वहीं 10 प्रतिशत गरीब लोगों को महंगे नर्सिंग होम में मुफ्त इलाज की सुविधा दिलाई गई। उन्होंने इसे ही असली समाजवाद बताया।
उन्होंने जनता से आह्वान किया कि केवल मधेशी बेटा को प्रधानमंत्री बनाने के भावनात्मक आधार पर नहीं, बल्कि भ्रष्ट नेताओं को हटाकर खुशहाल नेपाल के निर्माण के लिए राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के घंटी छाप पर वोट दें। बालेंद्र साह ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी संघीयता के विरोध में नहीं है, बल्कि इसे और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मधेश प्रदेश सहित सभी सातों प्रदेशों को संपूर्ण अधिकार मिलने चाहिए, ताकि किसी भी काम के लिए अधिकारियों को काठमांडू न जाना पड़े और सभी कार्य प्रदेश की राजधानी में ही संपन्न हों।

जनकपुरधाम के विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यहां सालभर में मुश्किल से एक लाख पर्यटक आते हैं, जबकि अयोध्या में करीब दस करोड़ पर्यटक पहुंचते हैं। जनकपुरधाम और लुंबिनी मधेश का गौरव हैं, लेकिन इनके साथ भेदभाव हुआ है। सरकार बनने पर इन धार्मिक स्थलों का समुचित विकास किया जाएगा।
सभा में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सभापति रवि लामिछाने द्वारा बालेंद्र साह को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने की घोषणा का भी उल्लेख किया गया। नेताओं ने कहा कि पार्टी ने पहाड़ी क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया है और मधेश में भी बेहतर सीटें लाकर इतिहास रचेगी।
डॉ. अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि यदि पार्टी को बहुमत मिलने के बावजूद बालेंद्र साह को प्रधानमंत्री नहीं बनाया गया, तो वे इसी तिरहुतिया गाछी में आत्मदाह करेंगे। सभा में ऐतिहासिक भीड़ उमड़ी, जिसे नियंत्रित करने में भारी संख्या में तैनात पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। पूरे मैदान में “अबकी बार बालन सरकार” का नारा गूंजता रहा।
सभा को राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय व प्रादेशिक स्तर के कई नेताओं ने संबोधित किया, जबकि मंच संचालन दीपेंद्र झा ने किया।













