-बन्दरा में उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित,12 को फिर से व्यापक बैठक बुलाने का निर्णय
बंदरा। दीपक कुमार तिवारी
प्रखंड के न्यू बीआरसी भवन के सभाकक्ष में बुधवार को उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान प्रखंड क्षेत्र में उर्वरक बिक्री में की जा रही कालाबाजारी तथा कृषि हितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं वितरण में मूल किसानों की अनदेखी पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रखंड के कृषि अधिकारी एवं कर्मचारियों के कार्यशैली पर एतराज जताया गया। इस दौरान इनके खिलाफ सदस्यों ने नाराजगी का इजहार किया तथा इस पर कार्रवाई की मांग की।

बैठक में मौजूद विधायक निरंजन राय ने कृषि योजनाओं तथा कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यशैली पर जमकर फटकार लगाई तथा व्यवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया।उन्होंने व्यवस्था में सुधार तथा कृषि विभाग की विभिन्न कार्य योजनाओं पर व्यापक चर्चा की तथा विभाग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में एक दूसरी बैठक शनिवार (12 नवंबर) के दिन फिर से बुलाने का निर्णय लिया गया। विधायक निरंजन ने बताया कि इस बैठक में व्यापक रूप से चर्चा होगी। जिसमें जिला के कृषि अधिकारी एवं प्रखण्ड क्षेत्र के सभी उर्वरक विक्रेता भी मौजूद होंगे। इस दौरान लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई तथा प्रभार में चल रहे पदाधिकारियों को प्रभार मुक्त कराकर स्थाई पदाधिकारी दिलाने को लेकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। बैठक में बीडीओ प्रशांत कुमार, कृषि समन्वयक,राजद नेता विनय यादव, विकास कुमार, शौकत अली मुन्ना,रत्नेश कुमार,मनोज यादव,प्रगतिशील किसान नवल किशोर ठाकुर, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुशवाहा,जिला उपाध्यक्ष मनोज झा आदि भी मौजूद थे।
















