Advertisement

स्पेशल स्टोरी | पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला मरीजों के लिए बड़ी सौगात, स्त्री रोग विभाग में बढ़ेंगे 90 बेड

-स्पेशल स्टोरी | पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला मरीजों के लिए बड़ी सौगात, स्त्री रोग विभाग में बढ़ेंगे 90 बेड

-हाईटेक होता पीएमसीएच: महिला वार्ड में 90 अतिरिक्त बेड, इलाज होगा आसान
-90 बेड महिलाओं के इलाज के लिए अतिरिक्त होंगे शामिल, बेहतर शिक्षा–बेहतर स्वास्थ्य के लिए पीएमसीएच हो रहा हाईटेक
-पुनर्विकास योजना के तहत 1,117 बेड वाले 2 टावर संचालित, बिहार ही नहीं देशभर से लोग विश्वस्तरीय इलाज के लिए आ रहे पीएमसीएच

2 मार्च, पटना | दीपक।
राज्य में बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में नीतीश कुमार सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी क्रम में बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीएमसीएच को हाईटेक बनाने की कवायद तेज हो गई है। अब महिला मरीजों को बड़ी राहत देते हुए स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 90 अतिरिक्त बेड जोड़े जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, महिला वार्ड में बेड बढ़ने से इलाज के लिए आने वाली मरीजों को अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। प्रसव, स्त्री रोग और गंभीर बीमारियों से जूझ रही महिलाओं को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
पीएमसीएच में हाल ही में पुनर्विकास योजना के तहत 1,117 बेड क्षमता वाले दो आधुनिक अस्पताल टावर भी संचालित किए गए हैं। इन टावरों में अत्याधुनिक उपकरण, आईसीयू, मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर और 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे न केवल बिहार बल्कि अन्य राज्यों से भी मरीज यहां विश्वस्तरीय इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।

एयर एम्बुलेंस की भी सुविधा:

अस्पताल परिसर में गंभीर मरीजों के लिए एयर एम्बुलेंस उतरने की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। विभाग ने 2029 तक सभी विकास एवं विस्तार कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा है। संभावना है कि अगले एक-दो महीने में एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू हो जाएगी, जिससे दूर-दराज इलाकों से मरीजों को तेजी से अस्पताल लाया जा सकेगा।
सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के लोगों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े और उन्हें अपने ही प्रदेश में आधुनिक व सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। पीएमसीएच का यह विस्तार उसी दिशा में एक बड़ा और अहम कदम माना जा रहा है।