-स्कूल में पढ़ाई छोड़ बच्चों से ढुलवाई गई किताबें,वीडियो संज्ञान में आते हीं एक्शन में बीडीओ;प्रभारी प्रधानाध्यापक से पूछा स्पष्टीकरण
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक तिवारी।मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पटसारा में वर्ग कक्षा के निर्धारित स्कूल अवधि में विद्यार्थियों से पाठ्य पुस्तक उठाने-ढोने के कार्य से संबंधित एक वीडियो सामने आया है। इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आमना वसी ने संबंधित विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण की कार्रवाई की है। जारी किए गए स्पष्टीकरण में कहा गया है कि आपके विद्यालय से संबंधित एक वीडियो संज्ञान में आया है। जिसमें स्पष्ट रूप से देखा गया है कि वर्ग कक्षा के निर्धारित शिक्षक अवधि के दौरान विद्यार्थियों से पाठ्य पुस्तक उठाने-ढोने का कार्य कराया जा रहा है।

यह कृत्य अत्यंत गंभीर आपत्तिजनक एवं शिक्षा विभाग के नियमों का खुला उल्लंघन है। यह आचरण न केवल विद्यार्थियों के शैक्षणिक अधिकारों का हनन करता है, बल्कि आपके दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही एवं कर्तव्यहीनता को भी दर्शाता है। ऐसी स्थिति में यह प्रश्न उठता है कि आपके द्वारा विद्यालय में शैक्षिक अनुशासन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु क्या कदम उठाए जा रहे हैं। निर्देशित किया गया है कि उपयुक्त गंभीर आरोपों के संबंध में अपना स्पष्ट तथ्यात्मक एवं संतोषजनक स्पष्टीकरण दो दिनों के भीतर उपलब्ध कराएं। निर्धारित समय अवधि में स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने अथवा असंतोषजनक पाए जाने की स्थिति में आपके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी आपकी स्वयं की होगी।












