Advertisement

स्कूली बच्चों में हिंसक झड़प, 10 वीं के छात्र ने 9 वीं क्लास के बच्चे को मारा चाकू, स्थिति गंभीर

-स्कूली बच्चों में हिंसक झड़प, 10 वीं के छात्र ने 9 वीं क्लास के बच्चे को मारा चाकू, स्थिति गंभीर

मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित पीपरा खेम पंचायत स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को आपसी रंजिश के चलते दसवीं के एक छात्र ने नौवीं के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल छात्र की पहचान आकाश कुमार (14) के रूप में हुई है, जो चकिया थाना क्षेत्र के दक्षिणी गवंद्रा पंचायत के कोइरगंवा गांव निवासी वृजेश साह का बेटा है और स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, आकाश को स्कूल कैंपस में खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पड़ा देख एक छात्र ने शिक्षकों को सूचना दी। इसके बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक रामनरेश महतो समेत अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को आनन-फानन में चकिया के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मुजफ्फरपुर एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। घटना में पीड़ित छात्र का आंत निकलकर बाहर आ गया।


प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बताया कि आकाश फिलहाल बेहोश है और उसके होश में आने के बाद ही घटना की पूरी जानकारी मिल पाएगी। मामले की सूचना डायल 112 को दी गई है और स्कूल के लेटर पैड पर कल्याणपुर थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
कल्याणपुर थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपी छात्र की पहचान कर ली गई है और परिजन की ओर से आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।