-सोशल मीडिया पर ‘भौकाल’ दिखाना पड़ा भारी, हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दबंगई दिखाना एक युवक को महंगा पड़ गया। जिले के कटरा थाना क्षेत्र से सामने आए इस मामले ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि ऑनलाइन ‘भौकाल’ बनाना अब सीधे सलाखों तक पहुंचा सकता है।
जानकारी के अनुसार, कटरा थाना क्षेत्र में एक युवक की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थी। फोटो में युवक खुलेआम हथियार लहराते हुए खुद को ‘दबंग’ दिखाने की कोशिश कर रहा था। तस्वीर वायरल होते ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया और तुरंत कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान शिवदासपुर निवासी मोहम्मद समीउल्लाह के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सख्ती से पूछताछ में युवक का ‘भौकाल’ उतर गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हथियार उसका नहीं, बल्कि उसके एक दोस्त का है। उसने केवल फोटो खिंचवाने के लिए हथियार लिया था और उसे व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया। बाद में किसी ने उस स्टेटस का स्क्रीनशॉट लेकर वायरल कर दिया, जिससे वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
कटरा थाना अध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। वहीं, असली हथियार के मालिक की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस घटना ने युवाओं के बीच सोशल मीडिया पर रौब दिखाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










