-सावन में निकलेगी बाबा गरीबनाथ व बाबा हरिहरनाथ की भव्य पालकी शोभायात्रा, तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न
मुजफ्फरपुर। सावन माह के पावन अवसर पर युवा बोलबम सेवा समिति की ओर से बाबा गरीबनाथ जी एवं बाबा हरिहरनाथ जी की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर साहू पोखर में समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शोभायात्रा की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि बाबा गरीबनाथ जी की पालकी शोभायात्रा में मिट्टी से निर्मित भगवान शिव की आकर्षक प्रतिमा तथा बाबा हरिहरनाथ जी की पालकी में भगवान विष्णु की प्रतिमा श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस भव्य धार्मिक आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पालकी शोभायात्रा शहर के सीढ़ी घाट से प्रारंभ होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सावन माह में बाबा गरीबनाथ धाम आने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए युवा बोलबम सेवा समिति की ओर से निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में संस्थापक पंकज साह, सचिव सुजीत कुमार, विशाल कुमार रमेश, संयोजक शिवा गुप्ता, सह उपाध्यक्ष धीरज एक्टर, महासचिव विक्की शर्मा, उपाध्यक्ष करण कुमार, सह सचिव मुकेश चौधरी, मीडिया प्रभारी अनिकेत कुमार सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने शोभायात्रा एवं सेवा शिविर को सफल बनाने के लिए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।












