-साली से शादी की जिद में युवक चढ़ा मोबाइल टॉवर, 4 घंटे बाद पुलिस ने उतारा नीचे
वैशाली।बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अपनी साली से शादी करने की जिद पर अड़े एक युवक ने मोबाइल टॉवर पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। घटना चंदपुरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर रामराय पंचायत की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, राज कुमार नामक युवक अचानक गांव स्थित एक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। उसे टॉवर पर चढ़ा देख गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

बताया जा रहा है कि युवक अपनी साली से शादी करने की जिद पर अड़ा था। पुलिस और ग्रामीणों ने करीब 4 घंटे तक मशक्कत कर उसे समझाने का प्रयास किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार युवक टॉवर से नीचे उतर आया।
नीचे आने के बाद युवक ने बताया कि वह अपनी साली से प्रेम करता है और उसी से शादी करना चाहता है। उसने दावा किया कि उसकी पत्नी को भी इस संबंध से कोई आपत्ति नहीं है। युवक पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं।
युवक ने आगे बताया कि शादी के दो-तीन साल बाद उसे अपनी साली से प्यार हो गया था और दोनों ने आपस में शादी भी कर ली थी। हालांकि, बाद में लड़की के परिजनों ने उसकी दूसरी जगह शादी करा दी। युवक का कहना है कि अब वह अपने बच्चों के साथ-साथ साली के बच्चों को भी पालने के लिए तैयार है।
फिलहाल, पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर मामले को शांत कराया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।












