-सनसनी: बंद पड़े ईंट-भट्टे से मिला 7 माह की गर्भवती लापता विवाहिता का शव
-मृतका के पिता ने दहेज हत्या के आरोप में दर्ज कराया था मामला
मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के सुपुर लादी गांव स्थित एक बंद पड़े ईंट-भट्टे से सोमवार को 7 माह की गर्भवती लापता विवाहिता का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच तेज कर दी है।
मृतका की पहचान पियर थाना क्षेत्र के नूनफारा पंचायत अंतर्गत कैला गांव निवासी बिट्टू राम की 24 वर्षीय पत्नी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खुशबू सात महीने की गर्भवती थी और 24 जून से अपने ससुराल से लापता थी।
सोमवार दोपहर एक ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी कि बंद पड़े ईंट-भट्टे में एक महिला का शव छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शव को ठिकाने लगाने की नीयत से उस पर यूरिया खाद डालकर बोरे से ढक दिया गया था, ताकि शव जल्द गल जाए और पहचान मिटाई जा सके।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
मृतका के पिता विनोद राम, जो पियर थाना क्षेत्र के रतनमनिया गांव के निवासी हैं, ने शनिवार को पीयर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी के साथ लगातार मारपीट की जाती थी। उनका आरोप है कि दामाद और ससुराल पक्ष के लोगों ने खुशबू की हत्या कर शव को गायब कर दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पूर्वी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद से पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई थी। उन्होंने कहा कि घटना के बाद से मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












