-सड़क पर झुका बिजली का पोल, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बलौर निधि पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित ग्राम भटगामा में सड़क पर बिजली का पोल झुक जाने से हादसे की आशंका बढ़ गई है। यह पोल बरूआरी फीडर से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बिजली का पोल काफी झुककर सड़क की ओर आ गया है, जिससे वहां से गुजरने वाले वाहनों और पैदल चलने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि दिनभर इस सड़क से बाइक, साइकिल और अन्य छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है, ऐसे में कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का आरोप है कि विभाग मानो किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द झुके हुए पोल को ठीक कराने या बदलने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।











