Advertisement

सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसा: मक्का से मदीना जा रही बस में आग, 42 भारतीय यात्रियों के मारे जाने की आशंका

-सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसा: मक्का से मदीना जा रही बस में आग, 42 भारतीय यात्रियों के मारे जाने की आशंका

सऊदी अरब में सोमवार देर रात एक दिल दहलाने वाली दुर्घटना हुई, जिसमें भारत के 40 से अधिक परिवार मातम में डूब गए। मक्का से मदीना जा रही भारतीय उमरा यात्रियों से भरी बस की एक तेज़ रफ्तार डीज़ल टैंकर से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के कुछ ही पलों बाद बस भीषण आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते राख में तब्दील हो गई।

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार इस हादसे में कम से कम 42 भारतीय नागरिकों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। मरने वालों में हैदराबाद और आसपास के इलाकों के कई यात्री, जिनमें महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी यात्री मक्का में उमरा की रस्में पूरी कर मदीना के रूहानी सफर पर थे, लेकिन यह यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई।

हादसा भारतीय समयानुसार लगभग 1:30 बजे मुहरास मुफ़रिहात इलाके में हुआ, जो मक्का से करीब 160 किलोमीटर दूर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज़ थी कि अधिकतर यात्री गहरी नींद में होने के कारण बस से निकल भी नहीं पाए और आग में झुलस गए। राहत टीमें जब तक मौके पर पहुंचीं, बस लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। कई शव इतने बुरी तरह जले हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि बस में केवल एक व्यक्ति जीवित मिला, लेकिन उसकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

हैदराबाद के कई इलाकों में हादसे की खबर फैलते ही कोहराम मच गया। परिजन लगातार ट्रैवल एजेंसियों, राहत दलों और सरकारी विभागों से संपर्क साध रहे हैं, लेकिन पहचान में देरी से उनकी बेचैनी और बढ़ रही है।

सऊदी सिविल डिफेंस, पुलिस और स्थानीय राहत एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, भारत का दूतावास भी सक्रिय हो गया है और दोनों देशों के अधिकारी मृतकों की पहचान, घायलों की स्थिति और शवों को भारत भेजने की प्रक्रिया पर तेजी से काम कर रहे हैं। प्रारंभिक अंदेशों के मुताबिक मृतकों में 11 महिलाएं और 10 बच्चे भी शामिल हो सकते हैं, हालांकि अंतिम आंकड़ा पहचान पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

उमरा जैसे पवित्र सफर पर निकले इन श्रद्धालुओं की जिंदगी एक दर्द भरे हादसे में थम गई—एक ऐसा सदमा, जिसकी टीस उन परिवारों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगी, जिन्होंने अपने अपनों को हमेशा के लिए खो दिया।