–शिवदाहा में चैत्र नवरात्र पर निकली भव्य कलश यात्रा, 551 महिलाओं-कन्याओं की भागीदारी
दीपक कुमार, गायघाट।
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गुरुवार को शिवदाहा पंचायत में श्रद्धा और भक्ति के साथ कलश यात्रा निकाली गई। इस भव्य आयोजन में 551 महिलाओं और कन्याओं ने भाग लेकर क्षेत्र को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
नवरात्र के प्रथम दिन विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई। देवी मंदिरों, पूजा पंडालों और घरों में श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में जुट गए। इस अवसर पर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा की गई।
महेशवारा हाई स्कूल सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर विशेष पूजन का आयोजन किया गया, जहां कलश स्थापना के साथ दुर्गा सप्तशती का पाठ भी जारी है।

इस दौरान कई स्थानों पर गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरा क्षेत्र भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया।
ग्रामीण चुनचुन सिंह ने बताया कि यहां एक सप्ताह तक कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। वहीं पूजा पंडालों और मंदिरों में प्रतिदिन शाम को महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा।
नवरात्र के इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु शक्ति की उपासना में लीन हैं।











